मेटा के चीफ एआई ऑफिसर और सुपरइंटेलिजेंस लैब्स के प्रमुख अलेक्जेंडर वांग ने चेतावनी दी है कि सुपरइंटेलिजेंट एआई सिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और उन पर इंसानी नियंत्रण बनाए रखने की कल्पना करना कठिन है। वांग ने कहा कि बिना इंसानी रोक-टोक के खुद को बेहतर बनाने (recursive self-improvement) वाले सिस्टम आने से भी इंसानों के हाथ से नियंत्रण निकलने जैसी स्थिति बन सकती है।
अगले एक साल के फैसले अहम
"सुपरइंटेलिजेंस आ रही है" शीर्षक वाले अपने पोस्ट में वांग ने कहा कि आने वाले एक साल में एआई को लेकर लिए जाने वाले फैसले समाज के भविष्य पर गहरा असर डालेंगे। उन्होंने कंपनियों से आग्रह किया कि वे सिर्फ तकनीक बनाने की होड़ के बजाय सुरक्षा, नियमों और सही तालमेल को प्राथमिकता दें।
क्षमता और गणितीय पहेली का जिक्र
वांग ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कोडिंग, साइबर क्षमता और एआई एजेंट्स में बड़ी प्रगति हुई है। उन्होंने रीमैन हाइपोथीसिस (Riemann Hypothesis) से जुड़े एआई-सहायता प्राप्त प्रमाण के दावों का भी जिक्र किया और कहा कि यह उन्नत मॉडलों की बढ़ती क्षमताओं को दिखाता है, हालांकि गणितज्ञों के बीच इसका विस्तृत मूल्यांकन जारी है।
समाज की कमान मशीनों को न सौंपें
वांग के अनुसार, समाज की निर्णय लेने की ताकत मशीनों को सौंपना कोई मजबूरी नहीं है; तकनीक ऐसी होनी चाहिए जो आम लोगों को सशक्त बनाए। इसके लिए पूरे उद्योग को मौजूदा "डिफ़ॉल्ट रास्ते" से हटकर सार्थक कदम उठाने होंगे।
मेटा का रुख
वांग ने एआई सुरक्षा को लेकर मेटा के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने मेटा की विशेष एआई यूनिट को निर्देश दिया है कि वह कंप्यूटिंग संसाधनों को बिना रोक-टोक के खुद को सुधारने के बजाय लोगों और ग्राहकों की सेवा करने की दिशा में लगाए।