मुंबई, 23 फरवरी, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। मध्यप्रदेश में मौसम फिर बदल गया है। दिन में ठंडी हवा चल रही तो रातें सर्द हैं। शुक्रवार-शनिवार की रात भोपाल-ग्वालियर संभाग में पारा 3 डिग्री तक लुढ़क गया। अगले दो दिन 2 से 3 डिग्री तक पारा और लुढ़केगा। वहीं, आखिरी सप्ताह में दिन में गर्मी और रातें ठंडी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में 3 डिग्री की गिरावट के बाद तापमान 12 डिग्री पर आ गया। ग्वालियर में 14.7 डिग्री, इंदौर में 16 डिग्री, उज्जैन में 13 डिग्री और जबलपुर में पारा 14.2 डिग्री रहा। धार, गुना, खरगोन, रतलाम, राजगढ़, मंडला, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और बालाघाट में भी पारे में गिरावट देखने को मिली। मौसम में बदलाव देखने को मिला। धूप तो खिली रही, लेकिन हवाओं से ठंडक बनी रही। इस कारण दिन में चूभन वाली धूप नहीं रही। भोपाल में हवा की रफ्तार 8 से 10 किमी प्रतिघंटा रही। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य शहरों में भी मौसम बदला रहा।
आपको बता दें, फरवरी के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। वर्तमान में दक्षिण पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम है। वहीं, उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इस वजह से प्रदेश में भी मौसम बदला है। 24 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। जिसका असर प्रदेश में देखने को मिल सकता है।